उत्तराखंड
बीरोंखाल में खोया जेवरात और नगदी से भरा बैग,पौड़ी पुलिस ने सकुशल बरामद कर लौटाया महिला को
कोटद्वार। पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और ईमानदारी का परिचय देते हुए बाजार में खोया कीमती सामान से भरा बैग बरामद कर महिला को वापस लौटा दिया। बैग में जेवरात, नगदी और अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा हुआ था। अपना खोया सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला ने पुलिस टीम का आभार जताया।

5 नवंबर को गार्गी गोस्वामी ने चौकी बीरोंखाल में सूचना दी कि बाजार क्षेत्र में उनका एक बैग कहीं खो गया है। बैग में कीमती जेवरात, नगदी सहित अन्य जरूरी सामान मौजूद था। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सूरजपाल सिंह ने पुलिस टीम को तत्काल बैग की तलाश में जुटने के निर्देश दिए।
इसके बाद कांस्टेबल गौरव कुमार और राकेश कुमार ने बाजार क्षेत्र और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। पुलिस कर्मियों की सक्रियता और लगातार प्रयासों के चलते खोया हुआ बैग सकुशल बरामद कर लिया गया।
6 नवंबर को पुलिस ने बैग में रखे जेवरात, नगदी और अन्य सामान सहित उसे महिला द्वारा बताए गए अजय गुसाईं, निवासी सिन्दूड़ी मल्ली, थाना थलीसैंण को सुपुर्द कर दिया।
खोया हुआ कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला ने पौड़ी पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का हृदय से धन्यवाद किया।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -




