उत्तराखंड
जिलाधिकारी ने जनता दरबार मे सुनी जनता की समस्याएं,कई समस्याओं का मौके पर किया निस्तारण
पौड़ी गढ़वाल-पौड़ी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने लोगों की 28 शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन में ऋण स्वीकृत न होने, नाली से जल निकासी के कारण मकान को नुकसान, गुलदार और भालू से सुरक्षा, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन, सड़क और सुरक्षा दीवार से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।

धौलीधार क्षेत्र में वन्यजीवों से सुरक्षा की मांग पर डीएम ने तीन सोलर लाइट लगाने और वन विभाग को नियमित गश्त के निर्देश दिए। वहीं पल्ली मल्ली में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की जल्द मरम्मत कराने को कहा गया।
इसके अलावा घीड़ी में लिंक रोड की मरम्मत, पुण्डरासु में सड़क के डामरीकरण और चैड़ तल्ला में सुरक्षा दीवार से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं पुरानी शिकायतों के निस्तारण की जानकारी देते हुए बताया गया कि ओडागाड़ में आपदा से क्षतिग्रस्त मकान के लिए 11 हजार 500 रुपये की राहत राशि दी गई है, जबकि कल्डुंग में भैरवनाथ मंदिर मार्ग के लिए करीब ढाई लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
