उत्तराखंड
क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं ने किया थाना रिखणीखाल का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण,बेहतर पुलिसिंग के दिए निर्देश
*लंबित विवेचनाओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर, पुलिसकर्मियों को अनुशासन एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश
कोटद्वार/रिखणीखाल-क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर को थाना रिखणीखाल का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, शस्त्रागार और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अनुशासन, स्वच्छता और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत सलामी गार्द के निरीक्षण से हुई। इसके बाद क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर का भ्रमण कर कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, बैरिक, मेस, हवालात, कम्प्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस और सीसीटीवी कैमरों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने थाने में लंबित माल मुकदमाती वाहनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों से शस्त्रों एवं कारतूसों की जानकारी लेकर शस्त्रों की हैंडलिंग भी करवाई।
क्षेत्राधिकारी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने और शेष मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उत्तराखण्ड पुलिस मोबाइल एप, सीसीटीएनएस और सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समयबद्ध जांच कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी और चेकिंग के दौरान आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने तथा पीड़ितों की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अभिलेखों को अद्यतन रखने, वर्दी एवं टर्नआउट बेहतर बनाए रखने, बैरिक और आवासीय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा सरकारी संपत्ति की उचित देखभाल करने को कहा।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -




