उत्तराखंड
कोटद्वार के हैप्पी होम स्कूल की छात्रा श्रीम अग्रवाल का मुख्यमंत्री युवासंवाद में हुआ था चयन,कार्यक्रम में श्रीम को अपने विचार रखने का मिला मौका
कोटद्वार-कोटद्वार के हैप्पी होम स्कूल की छात्रा श्रीम अग्रवाल का मुख्यमंत्री युवा संवाद कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और परिजनों में खुशी का माहौल है।
उत्तराखंड के भावी स्वरूप को लेकर युवाओं की कल्पनाशीलता, चिंतन और रचनात्मक सोच को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस राज्यव्यापी पहल में प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों से विद्यार्थियों का चयन किया गया।

कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र से चयनित छात्रा ने ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड : एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने उत्तराखंड में पर्यटन और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं पर बात करते हुए पर्यटन को प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय लोगों की आजीविका का माध्यम बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ संवाद करने और अपने विचार साझा करने का अवसर भी मिला। इस मौके पर मुख्यमंत्री की ओर से प्रशस्ति-पत्र और स्कूल बैज प्रदान कर छात्रा को प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय परिवार ने मुख्यमंत्री युवा संवाद कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मिले इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
