उत्तराखंड
सिरासू को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर,युवाओं को मिलेगा रोजगार
पौड़ी गढ़वाल-पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर स्थित सिरासू को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सिरासू का भ्रमण कर पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय युवाओं व महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। इस दौरान राफ्टिंग, बोटिंग, होमस्टे और प्री-वेडिंग शूट डेस्टिनेशन को बढ़ावा देने की योजनाओं पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बच्चों के पार्क, पार्किंग, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय युवाओं और महिलाओं को फोटोग्राफी, कैटरिंग और मेकअप आर्टिस्ट का प्रशिक्षण दिलाकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने को कहा। इच्छुक ग्रामीणों को होमस्टे स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने और ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य सिरासू को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ स्थानीय लोगों की आमदनी और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -




