उत्तराखंड
गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद भी नहीं पहुंचा शूटर,जसबीर राणा ने सरकार पर लगाए लापरवाही के आरोप
कोटद्वार-सनेह क्षेत्र में गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद शूटर को आधे घंटे में मौके पर पहुंचाने की घोषणा अब सवालों के घेरे में है। घोषणा के 24 घंटे बाद भी शूटर के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर पूर्व राज्यमंत्री एवं एडवोकेट जसबीर राणा ने प्रदेश सरकार और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

पूर्व राज्यमंत्री जसबीर राणा ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष की घोषणा के बावजूद विभागीय अधिकारियों का रवैया ढुलमुल बना हुआ है। शूटर का अब तक मौके पर नहीं पहुंचना सरकारी व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में तेंदुए और भालू लगातार लोगों पर हमले कर रहे हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अपने प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि सरकार को मीडिया मैनेजमेंट और अपने गुणगान से बाहर निकलकर वन्यजीवों के हमलों से हो रहे जनहानि और नुकसान को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
जसबीर राणा ने मांग की कि वन्यजीवों के हमलों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार तत्काल प्रभावी कदम उठाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -




