उत्तराखंड
कोटद्वार में माहेश्वरी सभा की आमसभा, तीसरे बच्चे के जन्म पर 50 हजार रुपये देने का प्रस्ताव

कोटद्वार- कोटद्वार के ग्रैंड क्लास होटल में माहेश्वरी सभा जिला बिजनौर की आमसभा आयोजित हुई। कार्यक्रम में जिला बिजनौर के अंतर्गत आने वाले सभी आठ नगरों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में जून 2026 में सर्वसम्मति से निर्विरोध चुने गए जिला अध्यक्ष गोविंद गोपाल लड्डा के नेतृत्व में नई कमेटी ने समाजहित में काम करने का संकल्प लिया। इस दौरान जरूरतमंद और बीमार लोगों को समय पर एक लाख रुपये तक की सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए बेहतर व्यवस्था बनाने की बात कही गई।
साथ ही माहेश्वरी समाज की ओर से सर्व समाज के लिए हेल्थ कैंप लगाने और जरूरतमंद स्कूली बच्चों की मदद करने का निर्णय लिया गया।
वहीं समाज की घटती संख्या को संतुलित करने के उद्देश्य से बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि माहेश्वरी समाज के जिन दंपतियों के यहां तीसरे बच्चे का जन्म होगा, उन्हें नवजात के लालन-पालन के लिए 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि संस्था की ओर से दी जाएगी।
कार्यक्रम में सभी आठ नगरों के अध्यक्ष और सचिव समेत समाज के वरिष्ठजन और युवा मौजूद रहे। अध्यक्ष गोविंद गोपाल लड्डा ने समाजहित में निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की बात कही।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
