उत्तराखंड
“पौड़ी पुलिस का ट्रैफिक अलर्ट: राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर रूट डायवर्जन लागू, कंडोलिया मार्ग पर वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित

पौड़ी में कल कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पौड़ी पुलिस ने व्यापक यातायात प्लान जारी किया है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और अलग-अलग स्थानों से आने वाले वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है।
पुलिस के अनुसार कोटद्वार, सतपुली, खिर्सू, पाबो और बुआखाल की ओर से आने वाले वाहनों को नागदेव रोड मार्ग पर पार्क कराया जाएगा। वहीं श्रीनगर की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है। देवप्रयाग से आने वाले वाहनों को नए बस स्टैंड में पार्क कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान थाना तिराहा, न्यायालय तिराहा, छतरीधार और कमिश्नर आवास से कंडोलिया की ओर जाने वाले मार्गों पर सामान्य वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही कंडोलिया से रांसी स्टेडियम तक वीवीआईपी रूट पर अनधिकृत वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और यातायात पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें। हालांकि, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस रिस्पांस वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
राहुल गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए पौड़ी पुलिस ने लोगों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है ताकि कार्यक्रम सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
