उत्तराखंड
लोन के लिए अब नहीं लगेंगे चक्कर! हरिद्वार में लंबित आवेदनों पर तेजी से होगा काम-वैभव गुप्ता


हरिद्वार : हरिद्वार में स्वरोजगार योजनाओं के तहत लंबित ऋण आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा समिति और जिला सलाहकार समिति की बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने सभी बैंकों को समयबद्ध तरीके से ऋण स्वीकृत करने को कहा।
बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम स्वनिधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएमएफएमई और एमएसएमई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए।
उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागों के साथ समन्वय बनाकर ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल और तेज किया जाए। साथ ही डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में ऋण जमा अनुपात यानी सीडी रेशियो की भी समीक्षा की गई। जिन बैंक शाखाओं का सीडी रेशियो 40 प्रतिशत से कम है, उन्हें अधिक ऋण वितरण कर इसे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
अग्रणी जिला प्रबंधक दिनेश गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 31 मार्च 2026 तक जिले में करीब 29 लाख 64 हजार बैंक खाते खोले जा चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति योजना और अटल पेंशन योजना के तहत भी बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ा गया है।
बैठक में विभिन्न विभागों और बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
