देहरादून
डीएम बंसल का आभार जताने आये अल्मोड़ा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के उत्तराधिकारी नवीनचंद्र जोशी
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल अपने कार्यकुशलता और संवेदनशील फैसलों के लिए लगातार सुर्खियों में हैं। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनना और मौके पर ही समाधान देना उनकी कार्यशैली की पहचान बन गई है। यही कारण है कि आज जनता दर्शन के दौरान अल्मोड़ा निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की प्रथम पीढ़ी के उत्तराधिकारी नवीनचंद जोशी, डीएम से मिलने पहुंचे और सुविधाएं देने पर उनका आभार जताया।

नवीनचंद जोशी, जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के बुजुर्ग उत्तराधिकारी हैं उन्होंने कहा कि डीएम ने न केवल उनकी पीढ़ी की परेशानियों को गंभीरता से सुना बल्कि तत्काल समाधान भी सुनिश्चित किया।
डीएम के फैसलों से मिली राहत
स्मार्ट सिटी बसों में फ्री यात्रा : स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों की मांग पर डीएम/सीईओ स्मार्ट सिटी ने मौके पर ही आदेश जारी किए और अब बसों में फ्री यात्रा सुविधा शुरू हो गई है।
आवास हेतु भूखंड : नगर निगम क्षेत्र में सेनानियों के परिजनों को 100 वर्ग मीटर भूमि आवंटन का शासनादेश लागू करने के लिए डीएम ने मेयर को पत्र भेजकर व्यक्तिगत अनुरोध किया।
पुरानी जजी कलेक्ट्रेट में सेनानी भवन : लंबे समय से विवाद में फंसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भवन के निर्माण को लेकर डीएम ने विभागों को त्वरित कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
महत्वपूर्ण स्थलों का नामकरण : चौराहों, स्कूलों और सड़कों का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर रखने के लिए डीएम ने संबंधित विभागों को पत्राचार कर प्रस्ताव भेजा।
परिजनों ने जताया आभार
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों ने कहा कि डीएम के “ऑन द स्पॉट” निर्णय से उन्हें बड़ी राहत मिली है। खासकर बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू होने पर परिवारों ने डीएम का धन्यवाद जताया। स्मार्ट सिटी बसों में इस संबंध में फ्लेक्स भी चस्पा कर दिया गया है।
डीएम सविन बंसल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों की सेवा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। आवास हेतु भूखंड और अन्य सुविधाएं उनका हक हैं, और इन्हें उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।



