उत्तराखंड
भरसार कॉलेज की छात्रा की मौत के बाद छात्रों का प्रदर्शन, मेडिकल और एंबुलेंस व्यवस्था पर उठे सवाल

पौड़ी गढ़वाल के भरसार स्थित उद्यानिकी महाविद्यालय की बीएससी चतुर्थ वर्ष की छात्रा मधु यादव की मौत के बाद छात्रों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। छात्रों ने महाविद्यालय की मेडिकल व्यवस्था और एंबुलेंस सुविधा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।पंतनगर निवासी मधु यादव की तबीयत 26 अगस्त से खराब बताई जा रही थी। छात्रों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका। 29 अगस्त की रात तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें भरसार से पाबौ अस्पताल भेजा गया, जिसके बाद पौड़ी और फिर श्रीनगर अस्पताल रेफर किया गया।आरोप है कि पौड़ी से श्रीनगर ले जाने के लिए भी रात में एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। छात्रों का कहना है कि बीमार छात्रा के साथ महाविद्यालय की ओर से पर्याप्त स्टाफ और देखरेख की व्यवस्था नहीं थी।श्रीनगर से मधु यादव को ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया, जहां पहुंचने पर उनकी मौत हो गई।छात्रों ने छात्रा की मौत की निष्पक्ष जांच कराने और महाविद्यालय परिसर में स्थायी चिकित्सक, बेहतर मेडिकल सुविधा तथा आपातकालीन एंबुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
