उत्तराखंड
कोटद्वार में 9 लाख की स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार,पुलिस ने 30.40 ग्राम नशीला पदार्थ किया बरामद
कोटद्वार-पौड़ी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 30.40 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और पुलिस उपाधीक्षक अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान बीईएल रोड पर टाटा मोटर्स के समीप दो युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते मिले। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके कब्जे से स्मैक बरामद हुई। आरोपियों की पहचान सौरभ पंवार (26) और लकी भंडारी (26), निवासी न्यू ढांग, श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, लकी भंडारी के कब्जे से 16.70 ग्राम और सौरभ पंवार के कब्जे से 13.70 ग्राम स्मैक बरामद की गई। दोनों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 255/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है ओर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -




