उत्तराखंड
रामनगर–देहरादून ट्रेन सेवा को हरी झंडी, लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू
गढ़वाल के लिए आज एक ही दिन में दो बड़ी खुशखबरी सामने आई हैं। पहली सौगात 18 जुलाई से शुरू होने जा रही रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा है, जबकि दूसरी बड़ी राहत लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन को मंजूरी मिलने के रूप में मिली है।गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता रामनगर से देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा की मांग कर रही थी। अब यह मांग पूरी होने जा रही है। 18 जुलाई से ट्रेन का संचालन शुरू होगा, जो शुरुआती चरण में सप्ताह में दो दिन चलेगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसके संचालन के दिनों में भी बढ़ोतरी की जाएगी। इस रेल सेवा से स्थानीय लोगों के साथ-साथ उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी काफी सुविधा मिलेगी।वहीं, दूसरी बड़ी खबर लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग से जुड़ी है। सर्वोच्च न्यायालय की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी ने इस मार्ग पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर और भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन का रास्ता साफ कर दिया है। इससे हजारों लोगों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को राहत मिलेगी।सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि ये दोनों फैसले गढ़वाल में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आवागमन को नई गति देंगे। साथ ही उन्होंने इन जनहितकारी निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
