उत्तराखंड
श्रीनगर में 90 किलो गांजा बरामदगी मामले में ₹1,500 का इनामी वांछित गिरफ्तार

श्रीनगर में 90 किलो गांजा बरामदगी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे ₹1,500 के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पौड़ी के मंगलाकोटी निवासी करीब 34 वर्षीय दीपक सिंह बिष्ट के रूप में हुई है।
दरअसल, 23 अगस्त को श्रीनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान इको एंबुलेंस से 90 किलो अवैध गांजा बरामद किया था। इस मामले में पुलिस पहले ही रविन्द्र सिंह, रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू और विनोद रावत को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
विवेचना के दौरान गांजा की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े होने के आरोप में दीपक सिंह बिष्ट का नाम सामने आया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिसके बाद एसएसपी पौड़ी ने उस पर 1,500 रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 सितंबर को पुलिस ने दीपक सिंह बिष्ट को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक गांजा बेचने से लेकर सप्लाई चेन से जुड़े चार अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
