Connect with us

KEDAR DARPAN (केदार दर्पण)

कोटद्वार

कोटद्वार में गैस व्यवस्था पर ऋतु खंडूड़ी ने जनता को दिया आश्वासन,डोर टू डोर मिलेगा सिलेंडर

Ad

कोटद्वार क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उपभोक्ता-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने अहम पहल की है। उन्होंने अपने कैंप कार्यालय में संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मौजूदा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक सुधारों को लागू कराया।
बैठक के दौरान गैस वितरण प्रणाली को सुचारु रूप से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूर्व की भांति डोर-टू-डोर ही की जाए, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित और संतुलित बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे वितरण प्रणाली पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ेगा और सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से लाभ मिल सकेगा। साथ ही पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने को भी आवश्यक बताया गया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने से पहले ही उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि हर उपभोक्ता तक गैस की आपूर्ति सरल और व्यवस्थित तरीके से पहुंचे।
बैठक के उपरांत ऋतु खण्डूडी भूषण स्वयं क्षेत्र में भी पहुंचीं और स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी से बचें और भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा घर-घर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
बैठक में उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, उप पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर, निरीक्षक प्रदीप नेगी, खाद्य निरीक्षक करण क्षेत्री सहित क्षेत्र की गैस एजेंसियों के संचालक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में यह भी तय किया गया कि समय-समय पर व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि गैस वितरण प्रणाली निरंतर सुचारु बनी रहे

Continue Reading
You may also like...

More in कोटद्वार

Trending News