Connect with us

KEDAR DARPAN (केदार दर्पण)

उत्तराखंड

बैसाखी स्नान और चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, अपर पुलिस अधीक्षक ने देवप्रयाग संगम घाट का किया स्थलीय निरीक्षण

Ad ADVERTISEMENTS Ad

बैसाखी पर्व के मौके पर देवप्रयाग संगम घाट पर होने वाले स्नान को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार द्वारा संगम घाट और रामकुंड क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार जागरूकता बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस टीम को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा आगामी चारधाम यात्रा को लेकर श्रीनगर क्षेत्र के कीर्तिनगर पुल से सिरोबगड़ तक यात्रा मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान यात्रा मार्गों पर नियमित चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सतर्कता रखने और साइन बोर्ड व बैरिकेडिंग को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग किया जा सके और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सहायता केंद्र सक्रिय रहें।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि बैसाखी पर्व और चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखंड

Trending News