Connect with us

KEDAR DARPAN (केदार दर्पण)

पौड़ी

चारधाम यात्रा से पहले प्रशासन की बड़ी तैयारी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा रहेगी प्राथमिकता”

Ad

पौड़ी गढ़वाल में आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यात्रा से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में पर्याप्त स्टाफ तैनात किया जाए, ड्यूटी रोस्टर समय से जारी हो और हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालु तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
परिवहन व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने इस बार व्यापक तैयारी की है। अधिकारियों के अनुसार चारधाम यात्रा के लिए करीब 500 बसों और 5000 टैक्सी व मैक्सी वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। सभी वाहनों के सत्यापन और ग्रीन कार्ड प्रक्रिया को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ट्रैफिक प्लान को पहले ही सार्वजनिक करने की बात कही गई है, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लक्ष्मणझूला, कलियासौड़, भट्टीसेरा और नीलकंठ जैसे प्रमुख स्थानों पर चिकित्सा राहत इकाइयां स्थापित की जाएंगी। यहां डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की शिफ्टवार तैनाती के साथ एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
इसके अलावा प्रशासन ने साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और पार्किंग स्थलों पर मोबाइल शौचालय लगाए जाएंगे और नियमित सफाई अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमण हटाने और यातायात सुचारु रखने के लिए भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर 15 अप्रैल तक जेसीबी मशीनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अतिरिक्त पार्किंग स्थलों की पहचान और सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग रोकने के लिए भी सख्ती बरतने को कहा गया है।
आवास और खानपान व्यवस्थाओं को लेकर होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउसों का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही पेट्रोल, डीजल और एलपीजी जैसी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और बिजली आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और सफल बनाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Continue Reading
You may also like...

More in पौड़ी

Trending News