Connect with us

KEDAR DARPAN (केदार दर्पण)

देहरादून

बुजुर्ग की आंखों में आए खुशी के आंसू: DM सविन बंसल ने राइफल फंड से भरा पानी का बिल, ब्याज भी किया माफ

Ad

कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आज 212 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कई मामलों में मौके पर ही निर्णय लेते हुए पीड़ितों को राहत प्रदान की गई।
छबीलबाग, कांवली रोड निवासी 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग नत्थीलाल ने पानी के भारी बिल को लेकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जल संस्थान को जांच के निर्देश दिए। जांच उपरांत ₹11,487 की ब्याज राशि माफ की गई तथा शेष ₹20,170 की धनराशि राइफल फंड से जमा कराई गई। इस प्रकार कुल ₹31,657 के बिल से बुजुर्ग को राहत प्रदान की गई।
विकासनगर निवासी मीना बंसल ने अपने पुत्र की वर्ष 2023 में एक होटल में हुई दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने तथा मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त को संबंधित फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, लेबर कोर्ट में वाद दायर करने तथा दो माह के भीतर प्रकरण का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ऋषिकेश निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने पारिवारिक प्रताड़ना की शिकायत प्रस्तुत की, जिस पर जिलाधिकारी ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत एसडीएम कोर्ट में वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं धर्मपुर निवासी रोशनी रावत की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनकी दो पुत्रियों की शिक्षा एवं भरण-पोषण की व्यवस्था प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।
हर्रावाला क्षेत्र से प्राप्त शिकायत में सरकारी नहर को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी, एसडीएम डोईवाला एवं लघु सिंचाई विभाग को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं मौके पर लिए गए निर्णयों से आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होता दिखाई दिया।

Continue Reading
You may also like...

More in देहरादून

Trending News