Connect with us

KEDAR DARPAN (केदार दर्पण)

पौड़ी

डीएम स्वाति एस.भदौरिया का कड़ा रुख: पौड़ी में गैस एजेंसियों और होटलों की औचक निरीक्षण, अनियमितता पर दी सख्त चेतावनी

Ad

जनपद पौड़ी गढ़वाल में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और उपभोक्ता हितों के अनुरूप बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की प्रवर्तन टीमों द्वारा सोमवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और वितरण में हो रही संभावित अनियमितताओं पर रोक लगाना रहा। अभियान के दौरान कुल 37 प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई, जिनमें गैस एजेंसियां, गैस गोदाम, होटल-ढाबे, व्यवसायिक प्रतिष्ठान और पेट्रोल पंप शामिल रहे।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण के तहत श्रीनगर क्षेत्र में 2 गैस गोदाम, कोटद्वार में 2 गैस गोदाम और 10 व्यवसायिक प्रतिष्ठान, पौड़ी क्षेत्र में 1 गैस गोदाम, चाकीसैंण में 1 पेटी डीजल डीलर, सतपुली में 10 व्यवसायिक प्रतिष्ठान तथा नौगांवखाल/पोखड़ा क्षेत्रों में 1 गैस गोदाम और 10 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान टीमों ने गैस स्टॉक, वितरण प्रणाली और संबंधित अभिलेखों की गहन पड़ताल की। साथ ही सभी संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने रिकॉर्ड को नियमित रूप से अद्यतन रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उपभोक्ताओं को समय पर और निर्धारित दरों पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के लिए भी सख्त हिदायत दी गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। यदि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी, जमाखोरी या अन्य अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित एजेंसी या प्रतिष्ठान के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक और विभागीय कार्मिक मौजूद रहे, जिन्होंने निरीक्षण को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

Continue Reading
You may also like...

More in पौड़ी

Trending News