कोटद्वार
20 मीटर गहरी खाई में गिरा शख्स, पुलिस की तेजी ने छीन ली मौत से जीत”
कोटद्वार क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा उस वक्त राहत भरी खबर में बदल गया, जब पौड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जान बचा ली। दुगड्डा–कोटद्वार मार्ग पर एक कार के गहरी खाई में गिरने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9 बजे चौकी दुगड्डा को सूचना मिली कि एक वैगनआर कार (UK07-AT5222) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देर किए घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर स्थिति बेहद गंभीर पाई गई। हल्द्वानी पुलिया के पास कार पुलिया की पैराफिट तोड़ते हुए करीब 20 मीटर गहरी खाई में गिर चुकी थी। कार के अंदर एक व्यक्ति बुरी तरह घायल अवस्था में फंसा हुआ था, जिसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं और वह बाहर निकलने में पूरी तरह असमर्थ था।
ऐसे कठिन हालात में पुलिस टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा और खाई की गहराई चुनौती बन रही थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी। स्थानीय लोगों की मदद से टीम ने सावधानीपूर्वक घायल व्यक्ति को खाई से बाहर निकाला।
रेस्क्यू के तुरंत बाद घायल को 108 एम्बुलेंस के जरिए राजकीय चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
इस घटना में पौड़ी पुलिस की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता साफ तौर पर देखने को मिली। समय पर की गई कार्रवाई ने एक ज़िंदगी को बचाने में अहम भूमिका निभाई।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
