उत्तराखंड
मुख्यमंत्री धामी के वर्चुअल संवाद के साथ पौड़ी की सभी तहसीलों में मनाया गया तहसील दिवस, जनसमस्याओं के समाधान को मिली नई गति
पौड़ी-जनपद पौड़ी गढ़वाल की समस्त तहसीलों में आज तहसील दिवस का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की विभिन्न तहसीलों में आयोजित कार्यक्रमों से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि तहसील दिवस जनता की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी और सशक्त मंच है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारियों का यह दायित्व है कि समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें ताकि जनता को मुख्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो और लोगों को सहज व सुलभ प्रशासन मिले। उन्होंने यह भी जोड़ा कि कोई भी नागरिक उपेक्षित महसूस न करे यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।
तहसील पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई सुनिश्चित की। शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर जनता से प्रत्यक्ष संवाद करें और समस्याओं की जमीनी हकीकत समझें। तहसील दिवस को उन्होंने जन-प्रशासन के बीच विश्वास का सेतु बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रशासन में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व दोनों को मजबूत करते हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद उसकी सूचना शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराना अनिवार्य हो। साथ ही, बीडीसी बैठकों में उपजिलाधिकारी और विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सभी तहसीलों में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और सड़क निर्माण, भू-धंसाव, जंगली जानवरों से सुरक्षा, पुश्तों की मरम्मत जैसी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, सहित सभी तहसीलों में अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
