कोटद्वार
सिंचाई विभाग की लापरवाही का खामियाजा भुगत रही जनता,एसडीएम को दिया ज्ञापन
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 4, गाड़ीघाट स्थित गिवईं स्रोत बस्ती में सिंचाई विभाग की लापरवाही का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बीते एक वर्ष से अधिक समय से सिंचाई की गूल जर्जर हालत में पड़ी है, जिससे क्षेत्र का एकमात्र मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो चुका है।
जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं।स्थानीय पार्षद हिमांशु वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने एसडीएम से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग करते हुए एसडीएम को ज्ञापन दिया।
पार्षद हिमांशु वर्मा ने आरोप लगाया कि गूल की सफाई और मरम्मत के लिए लगभग एक वर्ष पूर्व टेंडर प्रक्रिया पूरी कर वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है, लेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मार्ग की खराब स्थिति के चलते गैस सिलेंडर, कूड़ा वाहन सहित अन्य आवश्यक सेवाएं बस्ती तक सुचारु रूप से नहीं पहुंच पा रही हैं। वहीं गूल की नियमित सफाई न होने के कारण पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे क्षेत्र में बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मौके पर कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
वहीं पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ,तो स्थानीय जनता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
