Connect with us

KEDAR DARPAN (केदार दर्पण)

पौड़ी

डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने सुनी जन-समस्याएं, 94% शिकायतों का समाधान कर प्रशासन ने रचा इतिहास

Ad

जनपद पौड़ी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिला प्रशासन की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली। सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों से जुड़ी 17 शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
प्रशासन के अनुसार, अब तक दर्ज कुल 359 शिकायतों में से 338 का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है, जो 94 प्रतिशत से अधिक है। शेष 21 मामलों को नीति आधारित मानते हुए आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल किया गया है, जिन पर कार्यवाही जारी है।
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विभाग साप्ताहिक स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा करें और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनता मिलन कार्यक्रम में पेयजल, कृषि, भूमि विवाद, सहकारी समितियों में अनियमितता और वन्यजीवों की सक्रियता से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए। डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके।
इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान कई शिकायतों का त्वरित समाधान भी किया गया। मनरेगा भुगतान, पेयजल आपूर्ति और सड़क से जुड़ी जल निकासी की समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर प्रभावित लोगों को राहत प्रदान की गई।
जिला प्रशासन ने दोहराया कि जनसमस्याओं का समाधान उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता मिलन कार्यक्रम को एक प्रभावी मंच के रूप में संचालित करते हुए शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।

Continue Reading
You may also like...

More in पौड़ी

Trending News